रिपोर्ट: सचिन कुमार
देहरादून में शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित दून पुस्तक महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया है। यह महोत्सव 4 अप्रैल से 12 अप्रैल तक चलेगा और साहित्य प्रेमियों के लिए एक खास आकर्षण बना हुआ है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों से मुलाकात की और उन्हें पुस्तकें भेंट कर पढ़ने के प्रति प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव न केवल साहित्य प्रेमियों के लिए, बल्कि भाषा और शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों के लिए भी एक सुनहरा अवसर है।
सीएम धामी ने अपने संबोधन में कहा कि आज भले ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दौर हो, लेकिन पुस्तकों का महत्व कभी कम नहीं हो सकता। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी में पढ़ने की आदत बनाए रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि यही बच्चे देश के भविष्य के कर्णधार हैं।
इस महोत्सव के माध्यम से बच्चों और युवाओं में पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाने और पढ़ने की संस्कृति को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।


