उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। रुड़की के आवास विकास स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी ने अपने संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति को स्पष्ट किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मास्टर दीपक लाखवान ने की। इस दौरान हाल ही में केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त केंद्रीय संगठन मंत्री शिव कुमार सैनी और केंद्रीय सचिव एडवोकेट महक सिंह सैनी का भव्य स्वागत किया गया।
दीपक लाखवान ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, केंद्रीय सचिव महक सिंह सैनी ने नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि पार्टी का लक्ष्य आगामी चुनावों में 6 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करना है। इसके लिए कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और जोश के साथ मैदान में उतरेंगे।
केंद्रीय संगठन मंत्री शिव कुमार सैनी ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने की अपील की।
इस मौके पर जिला कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन विस्तार के इस कदम के साथ UKD ने साफ संकेत दे दिया है कि वह आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह तैयार है और मजबूत रणनीति के साथ मैदान में उतरने जा रही है।


