नैनीताल: सरोवर नगरी से सटे कालाढूंगी क्षेत्र के राजस्व ग्राम नाथूझाला में डिजिटल क्रॉप सर्वे कार्य का जायजा लेने पहुंचे अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों की मौजूदगी में खुद खेतों का डिजिटल सर्वे कर इसकी प्रक्रिया को समझाया और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी Agri Stack योजना के तहत किसानों के डेटा का डिजिटलीकरण किया जा रहा है। इस योजना में अंश निर्धारण, किसान पंजीकरण, भूमि रजिस्ट्रेशन और डिजिटल क्रॉप सर्वे जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जिनसे भविष्य में किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय किसानों को डिजिटल सर्वे की प्रक्रिया का लाइव डेमो भी दिखाया गया, ताकि वे इसकी उपयोगिता और पारदर्शिता को बेहतर तरीके से समझ सकें।
वहीं, तहसील प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि क्षेत्र में डिजिटल क्रॉप सर्वे का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि, कुछ स्थानों पर सजरा (नक्शा) और लोकेशन ट्रेसिंग में तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं, जिनके समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से संपर्क किया गया है।
अपर जिलाधिकारी ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए राजस्व परिषद उत्तराखंड, देहरादून के नोडल अधिकारी को फील्ड स्तर की चुनौतियों से अवगत कराया, ताकि जल्द समाधान निकल सके और सर्वे कार्य समय पर पूरा हो।
इस दौरान प्रभारी तहसीलदार कालाढूंगी ईश्वर सिंह, ताराचंद्र घिल्डियाल, अभय कुमार और राजस्व उप निरीक्षक हिमाक्षी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


