रिपोर्ट: सचिन कुमार
उत्तराखंड में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने से लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आने वाले दिनों में कई जिलों में हीट वेव की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में तापमान करीब 40 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिसके चलते देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर समेत आसपास के जिलों में लू चल सकती है।
इसके अलावा नैनीताल, चंपावत और पौड़ी के निचले इलाकों में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
डॉ. तोमर के अनुसार, 28 मई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। ऊंचाई वाले जिलों जैसे उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं मैदानी जिलों के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


