रुड़की की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के पीरपुरा गांव से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों ने गांव के तीन लोगों पर मानसिक प्रताड़ना और लगातार धमकियां देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला के पति प्रवेश के अनुसार, आरोपित लंबे समय से एक पुराने मामले में शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बना रहे थे और लगातार धमकी दे रहे थे।
परिवार का कहना है कि इसी मानसिक तनाव के चलते महिला ने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई। अस्पताल से एमएलसी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला व परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
एसपी देहात के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने कुछ लोगों से परेशान होने की बात कही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


