रिपोर्टर: सचिन कुमार
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर वेरावल (सोमनाथ, गुजरात) के लिए विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और इसे केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्र के स्वाभिमान और सनातन परंपराओं से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस छह दिवसीय विशेष यात्रा में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से करीब 700 श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। यात्रा में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी माताएं-बहनें, राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज के प्रतिनिधि तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग सहभागिता कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ आस्था और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि है। ऐसे आयोजनों से लोगों को देश के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलता है, साथ ही भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव भी मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं के सुखद, सुरक्षित और मंगलमय प्रवास की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सांस्कृतिक एकता, राष्ट्रीय चेतना और धार्मिक आस्था को और अधिक सशक्त बनाने का कार्य करती है।
यह विशेष रेल यात्रा श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ मंदिर के दर्शन कराने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। राज्य सरकार का मानना है कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा देते हैं।



