
प्रदेश भाजपा कार्यालय में पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुआ चुनावी वॉर रूम, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर रहेगा फोकस
देहरादून: उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश भाजपा कार्यालय, देहरादून में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत स्थापित चुनावी वॉर रूम का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में भाजपा प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ चुनावी तैयारियों में जुट गई है। वॉर रूम के माध्यम से चुनाव प्रबंधन, संगठनात्मक समन्वय, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही चुनावी अभियानों की प्रभावी निगरानी भी की जाएगी।
भाजपा नेतृत्व ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते वर्षों में विकास, जनकल्याण और सुशासन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और सरकार के जनसेवा के संकल्प को प्रत्येक बूथ तक ले जाने की रणनीति पर काम किया जाएगा।

पार्टी ने वर्ष 2027 में एक बार फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि संगठन की ताकत, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद के साथ उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल सहित प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
