Thursday, November 26, 2026
HomeUncategorizedरामनगर सरकारी अस्पताल को मिले 16 लाख रुपये से अधिक के आधुनिक...

रामनगर सरकारी अस्पताल को मिले 16 लाख रुपये से अधिक के आधुनिक उपकरण, विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने जनता को किए समर्पित

अल्ट्रासाउंड सहित कई जरूरी उपकरणों की सुविधा से मरीजों को मिलेगी राहत, स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती का भी दिया आश्वासन

रामनगर: सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने महत्वपूर्ण पहल की है। अस्पताल में उपकरणों की कमी के चलते मरीजों को हो रही परेशानियों को देखते हुए विधायक निधि से 16 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च कर विभिन्न जरूरी चिकित्सा उपकरण खरीदे गए हैं। शनिवार को विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने अस्पताल पहुंचकर इन उपकरणों को जनता को समर्पित किया।

इस दौरान विधायक ने बताया कि अस्पताल के सीएमएस डॉ. तपन शर्मा ने पूर्व में चिकित्सालय में आवश्यक उपकरणों की कमी का मुद्दा उठाते हुए उन्हें उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने अपनी विधायक निधि से अस्पताल के लिए जरूरी उपकरण खरीदने की व्यवस्था की।

खरीदे गए उपकरणों में अल्ट्रासाउंड मशीन का प्रोब, स्ट्रेचर, व्हीलचेयर सहित कई महत्वपूर्ण उपकरण शामिल हैं। विधायक ने कहा कि अल्ट्रासाउंड प्रोब उपलब्ध होने से मरीजों को छोटी-छोटी जांचों के लिए निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा और सरकारी अस्पताल में ही बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह उनकी प्राथमिकता है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए विधायक निधि से सहयोग किया जाएगा।

वहीं, अस्पताल के सीएमएस डॉ. तपन शर्मा ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपलब्ध कराए गए उपकरण मरीजों के उपचार में काफी मददगार साबित होंगे। उन्होंने बताया कि विधायक के प्रयासों से अस्पताल में एक फिजिशियन चिकित्सक ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है, जबकि ईएनटी सर्जन और हड्डी रोग विशेषज्ञ भी जल्द ही अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे।

सीएमएस ने अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग भी विधायक के समक्ष रखी। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता कर रामनगर अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती के प्रयास किए जाएंगे।

- Advertisement -```html
```
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments