
धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा का भी दिखेगा अनूठा संगम, 1 दिसंबर को भजन संध्या में प्रसिद्ध गायक करेंगे बाबा श्याम का गुणगान
रुड़की: श्री श्याम मित्र मंडल समिति की ओर से आयोजित होने वाले 34वें दो दिवसीय श्री बाबा श्याम जन्मोत्सव एवं वार्षिक महा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस बार महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सरोकार की भी अनूठी झलक देखने को मिलेगी। आयोजन के तहत 30 नवंबर को 12 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया जाएगा।
नेहरू स्टेडियम से निकलेगी भव्य शोभायात्रा: कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री एवं मंडल संरक्षक प्रदीप बत्रा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 30 नवंबर को भव्य शोभायात्रा एवं प्रस्थान यात्रा के साथ होगा। यात्रा नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वापस स्टेडियम पहुंचेगी। इसके बाद 12 कन्याओं का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा।
प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुतियों से गूंजेगा बाबा का दरबार: महोत्सव के दूसरे दिन यानी 1 दिसंबर को वार्षिक महा महोत्सव एवं भव्य श्री बाबा श्याम संकीर्तन का आयोजन होगा। इसमें टी-सीरीज के प्रसिद्ध भजन गायक बृजराज सिंह, मध्य प्रदेश से अनुष्का अधिष्ठा और दिनेश बजरंगी अपनी भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। इस दौरान बाबा श्याम का आकर्षक एवं भव्य दरबार भी सजाया जाएगा।
सेवा और समर्पण समिति की प्राथमिकता: कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना भी है। 12 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह इसी सेवा भाव का हिस्सा है। वहीं मंडल अध्यक्ष राहुल बंसल ने बताया कि समिति पिछले कई वर्षों से धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि सभी कन्याओं का विवाह सम्मानजनक और यादगार बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं। उन्होंने श्याम प्रेमियों और नगरवासियों से दोनों दिन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
