
चमोली: ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शनिवार को जिला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में परियोजना के निर्माण कार्यों, खनन, विस्फोट गतिविधियों और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश: जिलाधिकारी ने तहसीलदार कर्णप्रयाग और पोखरी को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे रेलवे निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भारी वाहनों की आवाजाही, खनन और विस्फोट गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित न हो।
विस्फोट से पहले सुरक्षा इंतजाम करने पर जोर: डीएम ने निर्माण एजेंसियों को खनन एवं विस्फोट के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही विस्फोट से पहले पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने और चेतावनी एवं सूचना प्रणाली को प्रभावी बनाने को कहा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।
आमजन की सुविधाओं का रखा जाए विशेष ध्यान: जिलाधिकारी ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जनपद के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्माण कार्यों को गति देने के साथ आमजन की सुरक्षा और सुविधाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण एजेंसियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
