
देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरमैन दीपा दास मुंशी शनिवार को देहरादून पहुंचीं। उनके साथ कमेटी के सदस्य अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया भी प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति और टिकट वितरण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संभावित प्रत्याशियों के चयन और टिकट वितरण की प्रक्रिया पर चर्चा की जा रही है। स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरमैन दीपा दास मुंशी आज शाम प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामले समिति (पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी) की बैठक में भी शामिल होंगी।
टिकट वितरण के फार्मूले पर होगा मंथन: कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह के मुताबिक, चुनाव नजदीक आने के साथ ही पार्टी ने संगठनात्मक और चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। टिकट वितरण चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसी को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उत्तराखंड के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है।
उन्होंने बताया कि बैठक में टिकट वितरण के संभावित मानकों पर वरिष्ठ नेताओं की राय ली जाएगी। इसके साथ ही आगामी चुनाव में पार्टी की रणनीति और मजबूत प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी विचार-विमर्श होगा।
दिग्गज नेताओं की बैठक पर टिकी नजरें: पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
दावेदारों से वन-टू-वन बातचीत करेगी स्क्रीनिंग कमेटी: दीपा दास मुंशी 29 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में भी प्रतिभाग करेंगी। इसके अलावा वह विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं और संभावित दावेदारों के साथ वन-टू-वन बैठक कर उनका फीडबैक लेंगी। इन मुलाकातों के जरिए संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में नेताओं की स्थिति, जनाधार और चुनावी संभावनाओं का आकलन किया जाएगा।
13 दिसंबर को होगा पार्टी का अधिवेशन: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के अनुसार, पार्टी आने वाले दिनों में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में दौरे और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कार्यक्रमों की सूची तैयार की जा रही है। वहीं, 13 दिसंबर को पार्टी का अधिवेशन भी प्रस्तावित है।
