ऋषिकेश के प्रसिद्ध वीरभद्र महादेव मंदिर परिसर में खुदाई के दौरान कई प्राचीन धार्मिक मूर्तियां मिलने से क्षेत्र में उत्सुकता और चर्चा का माहौल बन गया है। मंदिर परिसर में मरम्मत कार्य के दौरान यह मूर्तियां जमीन के अंदर से निकलीं, जिन्हें मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षित रख लिया है।
जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में स्थित पीपल के पेड़ के क्षतिग्रस्त चबूतरे को ठीक करने के लिए श्रद्धालुओं द्वारा नवनिर्माण कार्य शुरू किया गया था। इसी दौरान जब पुराने चबूतरे को तोड़कर नींव के लिए खुदाई की जा रही थी, तभी जमीन के अंदर से एक-एक कर कई प्राचीन मूर्तियां निकलने लगीं।
मूर्तियां निकलते ही वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। कई श्रद्धालुओं ने इसे भगवान का चमत्कार मानते हुए भगवान वीरभद्र महादेव के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। धीरे-धीरे यह खबर पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में मूर्तियों को देखने पहुंचने लगे।
बताया जा रहा है कि खुदाई के दौरान करीब एक दर्जन से अधिक मूर्तियां मिली हैं, जिनमें विभिन्न देवी-देवताओं की झलक दिखाई दे रही है। मंदिर के महंत ने बताया कि इन मूर्तियों को फिलहाल मंदिर प्रबंधन द्वारा सुरक्षित रख लिया गया है।
महंत का कहना है कि इन मूर्तियों की वास्तविक आयु और ऐतिहासिक महत्व के बारे में स्पष्ट जानकारी केवल पुरातत्व विभाग की जांच के बाद ही मिल पाएगी। हालांकि स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि ये मूर्तियां एक शताब्दी से भी अधिक पुरानी हो सकती हैं।
फिलहाल इन प्राचीन मूर्तियों को लेकर ऋषिकेश शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इसे आस्था और इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण खोज मान रहे हैं।


