उत्तराखंड के प्रसिद्ध विंटर डेस्टिनेशन औली में हाल ही में हुई ताज़ा बर्फबारी ने पूरे इलाके को फिर से सफेद चादर से ढक दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हुई इस शानदार बर्फबारी ने न सिर्फ पर्यटन कारोबारियों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है, बल्कि पर्यटकों के लिए भी यह किसी सौगात से कम नहीं है।
शाम से शुरू हुई बर्फबारी के बाद औली की पहाड़ियां और घास के मैदान पूरी तरह बर्फ से ढक गए हैं। सुबह होते ही बड़ी संख्या में पर्यटक औली की खूबसूरत वादियों का दीदार करने पहुंचने लगे। बर्फ से ढकी ढलानों और हिमालय की चोटियों का अद्भुत दृश्य देख पर्यटक मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।
चेयर लिफ्ट और स्नो एक्टिविटीज़ का ले रहे आनंद
औली पहुंचने वाले पर्यटक Garhwal Mandal Vikas Nigam (GMVN) द्वारा संचालित चेयर लिफ्ट का भरपूर आनंद ले रहे हैं। इसके अलावा फन स्कीइंग और स्नो ट्रैकिंग जैसी रोमांचक गतिविधियां भी पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रही हैं।
बर्फबारी के बाद औली से गढ़वाल हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का विहंगम दृश्य दिखाई दे रहा है। साफ मौसम में दूर-दूर तक फैली हिमालय की श्रृंखलाएं पर्यटकों को प्रकृति की अद्भुत सुंदरता का एहसास करा रही हैं।
पर्यटन कारोबारियों के लिए खुशखबरी
स्थानीय पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि ताज़ा बर्फबारी से पर्यटन गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। पिछले कुछ समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे होटल संचालक, गाइड और अन्य कारोबारी अब बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद कर रहे हैं।
किसानों के लिए भी वरदान
बारिश और बर्फबारी का असर केवल पर्यटन तक ही सीमित नहीं है। क्षेत्र के उन्नतशील किसानों और काश्तकारों के लिए भी यह मौसम काफी लाभदायक माना जा रहा है। बर्फबारी से जमीन में नमी बनी रहती है, जिससे आने वाले समय में फसलों को फायदा मिलता है।
कुल मिलाकर औली में हुई ताज़ा बर्फबारी ने एक बार फिर इस खूबसूरत हिल स्टेशन को सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना दिया है। आने वाले दिनों में यहां पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्ट: संजय कुंवर, औली


