वैश्विक पर्यावरणीय पहल एअर्थ ऑवर के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद कर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
“प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी समझने का माध्यम”
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अर्थ ऑवर केवल एक प्रतीकात्मक पहल नहीं है, बल्कि यह हम सभी को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।
जनता से की खास अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस तरह के अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और दैनिक जीवन में ऊर्जा बचत को अपनी आदत बनाएं।
उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित करेंगे।
उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड, जो प्राकृतिक संपदा से भरपूर है, वहां पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है, जिससे विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बना रहे।
नागरिकों से लिया संकल्प
अंत में मुख्यमंत्री धामी ने सभी नागरिकों से प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।


