देहरादून:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी राज्य बजट को लेकर बड़ा उत्साह व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट शानदार होगा और समाज के हर वर्ग की आशाओं और आकांक्षाओं पर खरा उतरेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट तैयार करने से पहले विभिन्न हितधारकों, सामाजिक समूहों और अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य कर रहे लोगों से सुझाव लिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट विकासोन्मुखी होने के साथ-साथ समावेशी भी होगा।
विपक्ष द्वारा सदन की अवधि को लेकर उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि सदन का एक-एक मिनट बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें जनता का पैसा और संसाधन लगते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने विपक्ष से अपील की कि वे चर्चा में भाग लें ताकि बेहतर परिणाम सामने आ सके। उन्होंने कहा कि दोपहर 3 बजे बजट पेश होने के साथ ही इसकी पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।


