गैरसैंण | संवाददाता: सचिन कुमार
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में विधानसभा घेराव के आह्वान को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। राज्य सरकार पर जनविरोधी नीतियां लागू करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशाल रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
रैली में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गैरसैंण पहुंचे। हालांकि प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को विधानसभा तक पहुंचने से पहले ही दिवालीखाल में रोक दिया। यहां पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और हल्की झड़प भी देखने को मिली।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग की थी, ताकि प्रदर्शनकारी आगे न बढ़ सकें।
कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए 10 से 12 स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस पुलिस बल का इस्तेमाल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने में किया जा रहा है, अगर वही पुलिस प्रदेश की कानून व्यवस्था सुधारने में लगाया जाए तो स्थिति बेहतर हो सकती है।
गोदियाल ने राज्य सरकार के बजट पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के हित में नहीं है। उन्होंने मांग की कि विधानसभा सत्र कम से कम 15 दिन तक चलाया जाए, ताकि जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हो सके।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी शामिल हुए। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।


