देहरादून: नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को लेकर उत्तराखंड प्रोफेशनल नर्सेस संगठन ने सरकार से अहम मांग की है। संगठन का कहना है कि नर्सिंग भर्ती केवल लिखित परीक्षा के माध्यम से ही कराई जानी चाहिए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे।
इस संबंध में देहरादून में संगठन द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें पदाधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर अपनी बात रखी।
सभी अभ्यर्थियों को मिले समान अवसर
प्रेस वार्ता के दौरान संगठन की कोषाध्यक्ष सिवनी सेमवाल ने कहा कि लिखित परीक्षा भर्ती का सबसे निष्पक्ष तरीका है। इससे सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलता है और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि अगर भर्ती लिखित परीक्षा से होती है तो योग्य और मेहनती उम्मीदवारों को ही मौका मिलता है।
सरकार से पुराने फैसले पर कायम रहने की अपील
सिवनी सेमवाल ने यह भी कहा कि सरकार पहले ही नर्सिंग भर्ती लिखित परीक्षा के जरिए कराने की बात कह चुकी है। ऐसे में सरकार को अपने उसी फैसले पर कायम रहना चाहिए।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग
नर्सेज संगठन का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है कि भर्ती प्रक्रिया साफ और निष्पक्ष हो। इसलिए सरकार को जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करते हुए इसे लिखित परीक्षा के आधार पर पूरा करना चाहिए।
संगठन ने उम्मीद जताई है कि सरकार उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करेगी।


