स्थान: रायवाला
संवाददाता: सागर रस्तोगी
रायवाला के पास मोतीचूर फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां चार वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद उनमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि रोडवेज की बस समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक और एक कार पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी। हादसे में कई लोगों के घायल होने की आशंका है, वहीं कुछ लोगों के जिंदा जलने की भी संभावना जताई जा रही है।
महिला समेत दो लोगों के शव मिले
राहत और बचाव अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीमों को अब तक एक महिला समेत दो लोगों के शव मिले हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार मृत महिला ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थी। बताया जा रहा है कि वह एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रही थी और उसकी पहचान बिजनौर निवासी के रूप में बताई जा रही है।
दमकल टीम ने आग पर पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद राहत टीमों ने घायलों को निकालने और स्थिति को संभालने का काम शुरू किया।
फ्लाईओवर के दोनों ओर लगा लंबा जाम
हादसे के कारण मोतीचूर फ्लाईओवर के दोनों ओर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कई वाहन घंटों तक फंसे रहे। पुलिस और प्रशासन की टीम ट्रैफिक को सामान्य करने की कोशिश में जुटी हुई है।
हादसे की जांच शुरू
प्रशासन ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी वाहन हरिद्वार की ओर जा रहे थे, तभी फ्लाईओवर पर यह भीषण दुर्घटना हो गई। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


