संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गैस एजेंसियों तथा होटल-रेस्टोरेंटों में बड़ा छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग के खेल का खुलासा हुआ और एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि कुछ स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालकर दोबारा भरी जा रही है। इसी सूचना के आधार पर SDM ऋषिकेश योगेश मेहरा और सीओ नीरज सेमवाल के नेतृत्व में पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
टीम ने खदरी खड़क माफ स्थित आशुतोष गैस एजेंसी के डिस्ट्रीब्यूशन वाहन की जांच की। जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। बिना नंबर के वाहन में बैठे अमन चौहान नाम के युवक को भरे हुए घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
छापेमारी के दौरान मौके से अवैध रिफिलिंग उपकरण भी बरामद किया गया। वाहन की तलाशी लेने पर टीम को 7 खाली और 30 भरे हुए गैस सिलेंडर मिले। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन चौहान को हिरासत में ले लिया।
पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर थाना ऋषिकेश में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से बरामद वाहन को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर सभी गैस सिलेंडरों को जब्त कर अंकुर गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
इस मामले में एसडीएम योगेश मेहरा ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध गैस रिफिलिंग, कालाबाजारी या घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही एसडीएम ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि यदि सर्वर डाउन हो जाए तो भी उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ऑफलाइन बुकिंग जारी रखी जाए, ताकि लोगों को गैस सिलेंडर लेने में परेशानी न हो।
प्रशासन की इस कार्रवाई से शहर में अवैध गैस कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।


