रिपोर्टर: सुभाष चंद
उत्तराखंड के खटीमा में प्रशासन ने अवैध कटान और पशु अवशेषों के कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। हाल ही में चर्बी से भरे कैंटर के पकड़े जाने के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया।
आज इस्लामनगर गोटिया स्थित सलाद हाउस के पास तहसीलदार वीरेंद्र सजवान के नेतृत्व में तहसील प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान सलाद हाउस के पास एक मकान और उसके परिसर से भारी मात्रा में जानवरों की खाल और हड्डियां बरामद हुईं।
मकान सील और अवशेष डिस्पोज
प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस मकान को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। मौके पर मिले अवशेषों को नगर पालिका की टीम सुरक्षित तरीके से डिस्पोज कर रही है। तहसीलदार सजवान ने स्पष्ट किया कि इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई
प्रशासन अब उन लोगों की कुंडली खंगालने में जुटा है जिनका यह अवैध माल था। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम दोषियों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।
संयुक्त टीम में भारी बल
मौके पर तहसीलदार के साथ भरत चंद, सुमित फुलेरा, अवनीश तोमर, मनोज कश्यप, कमल कन्याल और अजय जोशी समेत भारी पुलिस बल और नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।
इस कार्रवाई से खटीमा क्षेत्र में अवैध पशु कटान और पशु अवशेषों के कारोबार पर कड़ा संदेश गया है और प्रशासन ने साफ कर दिया कि किसी को भी कानून के बाहर नहीं रहने दिया जाएगा।


