उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के कालाढूंगी क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। देर रात अचानक एक मकान का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल पलभर में दहशत में बदल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था, वहां बारात के स्वागत की तैयारियां जोरों पर थीं। इसी दौरान कई मेहमान और स्थानीय लोग पास के मकान के छज्जे पर खड़े होकर समारोह का आनंद ले रहे थे। तभी अचानक छज्जा टूट गया और उस पर खड़े लोग नीचे गिर पड़े।
इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और एक मासूम बच्ची भी शामिल हैं। घायलों की पहचान रेशमा (35), आसमा (30), सकीना (21), सवीना (36), 4 वर्षीय लाईबा नूर और आदिल के रूप में हुई है।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल कालाढूंगी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया।
सूत्रों के अनुसार, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो राहत की बात है। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों ने भगवान का शुक्रिया अदा करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।


