ऋषिकेश के रेलवे रोड स्थित एक दुकान में देर रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे में दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 3:30 बजे की है, जब अचानक दुकान से धुआं और लपटें उठती दिखाई दीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था, जिससे भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह दुकान राम सिंह के नाम से संचालित होती है, जहां पूजा सामग्री बेची जाती थी। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।


