सितारगंज : शक्ति फार्म क्षेत्र से एक दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 35 वर्षीय महिला रीना मंडल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों ने पति व ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतका के भाई शुभल मिस्त्री और शिवा मिस्त्री ने बताया कि रीना मंडल के पति दिलीप मंडल अक्सर उनके साथ मारपीट और विवाद करते थे। परिजनों का आरोप है कि लगातार घरेलू विवाद के चलते ही रीना की हत्या की गई है।
परिवार का कहना है कि वे पिछले चार दिनों से न्याय के लिए भटक रहे थे, लेकिन आज जाकर पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज की है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोग भी जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।


