ऋषिकेश। आगामी Char Dham Yatra को देखते हुए नगर निगम प्रशासन अतिक्रमण को लेकर सख्त नजर आ रहा है। नगर आयुक्त Gopal Ram Binwal ने व्यापार मंडल, टैक्सी, ऑटो और ठेली संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट कर दिया है कि यात्रा के दौरान सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि यदि अतिक्रमण हटाने के दौरान कार्रवाई करनी पड़ी तो सामान जब्त किया जाएगा और हजारों रुपये का जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की नेतागिरी या दबाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दरअसल, इन दिनों ऋषिकेश शहर की सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। फुटपाथ और नालियों के आगे दुकानदारों और ठेली संचालकों ने कब्जा कर लिया है, जिससे आम लोगों और पैदल चलने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
टूरिस्ट सीजन शुरू होने और चारधाम यात्रा नजदीक आने के कारण आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने पहले ही सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है।
नगर आयुक्त ने बताया कि बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने अतिक्रमण हटाने में सहयोग देने का आश्वासन दिया है। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि यदि भरोसा टूटा तो नगर निगम कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा।
संवाददाता -सागर रस्तोगी


