रिपोर्ट: सचिन कुमार
उत्तराखंड की धामी सरकार राज्य के पर्यटन सेक्टर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए प्रदेश में सी-प्लेन सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है।
बीते सोमवार को पर्यटन और परिवहन के क्षेत्र में एक नई शुरुआत देखने को मिली, जब ऋषिकेश स्थित पशुलोक जलाशय में 19-सीटर सी-प्लेन का सफल ट्रायल किया गया। यह ट्रायल स्काई हॉक कंपनी की ओर से किया गया, जो भविष्य में राज्य में सी-प्लेन सेवाओं के संचालन की संभावनाओं को मजबूत करता है।
सी-प्लेन के सफल परीक्षण के साथ ही उत्तराखंड में एडवेंचर और लग्ज़री टूरिज्म को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे न केवल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को नई सुविधा मिलेगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
सरकार का मानना है कि सी-प्लेन सेवा शुरू होने के बाद दुर्गम और खूबसूरत पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी, जिससे पर्यटन उद्योग को एक नया आयाम मिलेगा।
क्या होगा फायदा?
- दुर्गम क्षेत्रों तक आसान और तेज़ पहुंच
- पर्यटन में वृद्धि और रोजगार के नए अवसर
- राज्य की कनेक्टिविटी में सुधार
- हाई-एंड टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
उत्तराखंड में सी-प्लेन सेवा की शुरुआत को राज्य के पर्यटन विकास की दिशा में एक गेमचेंजर कदम माना जा रहा है।


