जनपद टिहरी गढ़वाल में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मुनिकीरेती पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप वाहन से 60 पेटी चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार, गूलर पुल के पास इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान और एसएसआई योगेश पांडे की टीम सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 60 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों—सोनू और निपेंद्र—को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह शराब हरिद्वार के शिवालिक नगर से लेकर श्रीनगर (गढ़वाल) सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन को सीज कर दिया है और आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी सोनू के खिलाफ पहले भी हरियाणा के पंचकूला में शराब तस्करी का मामला दर्ज है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा


