देहरादून: अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करते हुए देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत व्यापक अभियान छेड़ रखा है। इस विशेष अभियान की कमान खुद एसएसपी परमेंद्र डोभाल संभाल रहे हैं और वे लगातार ग्राउंड जीरो पर उतरकर टीमों का नेतृत्व कर रहे हैं।
पुलिस की टीमें शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सघन चेकिंग, सत्यापन और औचक छापेमारी कर रही हैं। खासतौर पर होटल, पब और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
आगामी वीवीआईपी दौरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। शहर के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है और पुलिस की मौजूदगी भी पहले से अधिक दिखाई दे रही है।
एसएसपी परमेंद्र डोभाल ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करना और अपराधियों में डर का माहौल बनाना है। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


