रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल की सरोवर नगरी में देर रात दो गुटों के बीच अचानक हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते लात-घूंसों की मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और युवकों को अलग किया। इसके बावजूद कई लोग मूक दर्शक बने रहे और आसपास सामान्य आवाजाही जारी रही।
बताया जा रहा है कि किसी स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थिति शांत हो सकी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों गुट मौके से अलग हो गए।
यह घटना एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि छोटी-छोटी बातों पर युवा वर्ग तेजी से आक्रामक हो रहा है और सीधे हाथापाई पर उतर आता है। इस तरह की घटनाएं अब केवल एक शहर तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि अलग-अलग जिलों और मोहल्लों में भी देखने को मिल रही हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि कानून का डर बना रहे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


