रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल की सरोवर नगरी में शोक की लहर दौड़ गई है। नव सांस्कृतिक सत्संग समिति, शेर का डांडा रामलीला मंचन से जुड़े रंगकर्मी मुकेश जोशी और दीपक जोशी की माता खष्टी जोशी (79 वर्ष) का आज सुबह निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं।
उनके निधन की खबर मिलते ही रामलीला समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की।
खष्टी जोशी की अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान तारा कॉटेज, 7 नंबर से शुरू हुई। इसके बाद पाइंस श्मशान घाट में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र मुकेश जोशी और दीपक जोशी ने उन्हें मुखाग्नि दी।
इस दौरान डीएसबी कॉलेज के कूटा संघ के सदस्यों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। अंतिम संस्कार में स्थानीय लोग, रामलीला समिति के सदस्य और परिवारजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
खष्टी जोशी अपने पीछे विवाहित पुत्रियों के साथ-साथ पुत्र मुकेश जोशी और दीपक जोशी सहित एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


