रिपोर्ट: सचिन कुमार
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 28 से 30 मई 2026 तक तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका मुख्य फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा पर रहेगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ती रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष देहरादून में पार्टी संगठन की व्यापक समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि दौरे से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ऑडियो ब्रिज के माध्यम से सभी पूर्व और वर्तमान मंडल एवं जिला अध्यक्षों से संवाद किया था। इस संवाद में संगठन की वर्तमान स्थिति, मजबूती और कमजोर क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए थे।
दीप्ती रावत ने बताया कि भाजपा नेता नितिन नबीन के निर्देशों के बाद सभी जिलों और मंडलों में संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्रिमंडल के सदस्यों, विधायकों, दायित्वधारियों और जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठनात्मक बैठकों के जरिए पार्टी की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी। भाजपा नेतृत्व इस दौरे को संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मान रहा है।


