रुड़की में राज्यमंत्री देसराज कर्णवाल और भीम आर्मी नेता महक सिंह समर्थकों के बीच हुए विवाद के बाद मामला लगातार गरमाता जा रहा है। विवाद के अगले दिन राज्यमंत्री देसराज कर्णवाल ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें एक युवक हाथ में तमंचा और कारतूस लिए दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि वीडियो में नजर आ रहा युवक शुभम नाम का है, जिसे भीम आर्मी समर्थक बताया जा रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि वीडियो की सत्यता और समय की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से झबरेड़ा कोतवाली में तहरीर दी जा चुकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील की है। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी हलचल बनी हुई है।


