रिपोर्ट: अरशद हुसैन
रुड़की: मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट करने के उद्देश्य से प्रशासन ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान की तैयारी पूरी कर ली है। इस संबंध में जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद शेठ ने तहसील परिसर स्थित कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित कर अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि SIR अभियान 29 मई से शुरू होकर 15 सितंबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र मतदाताओं का सत्यापन करना और मतदाता सूची को पूरी तरह सही एवं अद्यतन बनाना है।
जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद शेठ ने कहा कि यह एक सामान्य लेकिन बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से बाहर न रहे और गलत या अपात्र नामों की पहचान की जा सके।
प्रशासन के अनुसार अभियान को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में कर्मचारियों और बीएलओ (Booth Level Officers) को प्रशिक्षण दिया जाएगा। दूसरे चरण में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर फॉर्म नंबर 6 और 8 भरवाकर जमा कराएंगे। वहीं तीसरे चरण में नोटिस जारी करने और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरा अभियान सरकारी कर्मचारियों और बीएलओ की निगरानी में पारदर्शी तरीके से संचालित किया जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे सत्यापन अभियान के दौरान सहयोग करें ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और अपडेट बनाया जा सके।


