हरिद्वार जिले के कलियर क्षेत्र में करीब चार महीने बाद एक बार फिर हाथी की रिहायशी इलाके में एंट्री से लोगों में भय का माहौल बन गया। मंगलवार सुबह कांवड़ पटरी मार्ग पर इमाम साहब और बिजली घर के पास हाथी घूमता दिखाई दिया, जिसके बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी काफी देर तक इलाके में घूमता रहा। सुबह के समय सड़क पर आवाजाही अधिक होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई और कई राहगीरों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर खुद को बचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वही हाथी है जो पहले भी कई बार कलियर और आसपास के क्षेत्रों में देखा जा चुका है। हाथी की लगातार रिहायशी इलाकों में आवाजाही से ग्रामीणों में डर बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए हाथी को आबादी से दूर जंगल की ओर खदेड़ दिया। वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि हाथी के करीब जाने की कोशिश न करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही वन विभाग ने नागरिकों से वन्यजीव दिखने पर तुरंत सूचना देने की भी अपील की है।


