हरिद्वार: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस ने कई अहम मुद्दों पर सवाल खड़े किए हैं। प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार को विभिन्न मामलों में घेरते हुए जवाब मांगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि देशभर में चर्चा का विषय बने नीट पेपर लीक मामले और सीबीएसई प्रकरण पर भाजपा लगातार चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों और अभिभावकों के भविष्य से जुड़े गंभीर मामलों पर सरकार कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे रही है।
आलोक शर्मा ने कहा कि जब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं, तो उन्हें अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच की वर्तमान स्थिति पर भी जनता को जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब जवाब चाहती है और सरकार को पारदर्शिता के साथ तथ्यों को सामने रखना चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर कई मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा केवल प्रचार में व्यस्त है, जबकि जनता के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं, छात्रों और महिलाओं से जुड़े मामलों पर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि उत्तराखंड की जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि ठोस जवाब और कार्रवाई चाहती है। पार्टी नेताओं ने आगामी समय में इन मुद्दों को लेकर व्यापक जन आंदोलन चलाने की बात भी कही।


