रुड़की के झबरेड़ा क्षेत्र के सढौली गांव की बेटी काजल ने एसडीएम बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता के बाद घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। जनप्रतिनिधियों से लेकर स्थानीय लोग भी उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंच रहे हैं
ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली काजल की यह सफलता मेहनत और लगन की मिसाल बन गई है। राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी भी उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
काजल की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और गांव के युवाओं को एक नई प्रेरणा मिली है कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि काजल ने पहले बीएमएस की पढ़ाई पूरी की और उसके बाद सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत रहीं। इसी दौरान उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और अब एसडीएम पद पर चयनित होकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
काजल का कहना है कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की है और आगे भी वह पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी।


