नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली से नाराज कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम कार्यालय में जमकर हंगामा किया। वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर निगम कार्यालय पहुंचे पार्षदों ने अधिकारियों और कर्मचारियों पर उनकी समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कांग्रेस पार्षदों का कहना था कि लंबे समय से विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की जा रही है, लेकिन नगर निगम प्रशासन इस मामले में लगातार हीलाहवाली कर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर पार्षद नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे, जहां उनकी बात सुनने के बजाय कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया।
इससे नाराज पार्षदों ने निगम कार्यालय के एक अनुभाग पर ताला जड़ दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कुछ समय तक कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और पार्षदों ने अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
हंगामे की सूचना मिलने पर उप नगर आयुक्त मौके पर पहुंचे और पार्षदों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि वार्डों की मूलभूत समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


