रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने विस्तृत जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और गणना फॉर्म वितरित कर उन्हें भरवाएंगे। यदि किसी घर पर पहली बार में मतदाता नहीं मिलता है, तो BLO तीन बार विजिट करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए।
79 लाख से अधिक मतदाताओं तक पहुंचेगा अभियान
राज्य में कुल 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं को इस अभियान के तहत कवर किया जाएगा। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य सभी मतदाताओं का सटीक और अद्यतन डेटा तैयार करना है।
अब घर बैठे BLO से कर सकेंगे संपर्क
मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने “Book a Call with BLO” फीचर लॉन्च किया है। इस सुविधा के माध्यम से मतदाता आसानी से BLO से संपर्क कर सकते हैं।
- वेबसाइट: voters.eci.gov.in
- मोबाइल ऐप: ECI-NET
इस फीचर के जरिए कॉल बुक करने पर BLO दो दिनों के भीतर स्वयं संपर्क करेगा।
पुरानी वोटर लिस्ट भी हुई उपलब्ध
वर्ष 2003 की वोटर लिस्ट भी अब ऑनलाइन उपलब्ध करा दी गई है। मतदाता इसे ceo.uk.gov.in पर जाकर नाम, पिता/पति का नाम या पते के आधार पर खोज सकते हैं।
महत्वपूर्ण तारीखें जानिए
- ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी: 14 जुलाई 2026
- दावे और आपत्तियां: 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026
- फाइनल वोटर लिस्ट: 15 सितंबर 2026
- अर्हता तिथि: 1 जुलाई 2026
राजनीतिक दलों की भी भागीदारी
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि SIR अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक भी की गई है। राज्य के 11,733 बूथों पर 22,823 बूथ लेवल एजेंट तैनात किए जा चुके हैं, जो इस प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।
उद्देश्य: कोई मतदाता न छूटे
निर्वाचन विभाग का लक्ष्य है कि राज्य का हर पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल हो और चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और मजबूत बने।


