सचिन कुमार
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। बीजेपी ने चुनावी तैयारियों को धार देते हुए उन 23 विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस शुरू कर दिया है जहां पार्टी 2022 के चुनाव में हार गई थी। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि कोर ग्रुप की बैठक में इन सीटों के लिए अलग रणनीति बनाई गई है और मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष समेत वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बीजेपी का लक्ष्य प्रदेश की सभी 70 सीटों पर जीत हासिल करना है।
वहीं बीजेपी के इस दावे पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सभी सीटें जीतने का दावा बीजेपी की गलतफहमी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष भी जरूरी होता है और जनता ही तय करेगी कि किसे सत्ता में बैठाना है। प्रीतम सिंह ने प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य की जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।



