रुड़की: हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के डौसनी गांव में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मगरमच्छ अचानक एक घर में घुस आया। घटना से परिवार के लोग घबरा गए और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, डौसनी गांव निवासी मदनपाल के घर में सुबह अचानक मगरमच्छ दिखाई दिया। घर के अंदर मगरमच्छ को देखकर परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। उन्होंने बिना देर किए लक्सर वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया। विभाग का कहना है कि बरसात के मौसम में नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ अक्सर बहाव के साथ आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में मगरमच्छ या अन्य जंगली जीव दिखाई दें, तो उन्हें पकड़ने या भगाने की कोशिश न करें। ऐसे मामलों में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
बरसात के मौसम में बढ़ती हैं ऐसी घटनाएं
विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून के दौरान नदियों और जल स्रोतों का जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ अपने प्राकृतिक आवास से बाहर निकलकर खेतों और रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे समय में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होती है।



