रिपोर्ट: अरशद हुसैन
रुड़की: बुग्गावाला क्षेत्र में भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री सुबोध राकेश ने अपने जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य जांच, आंखों की मुफ्त जांच, दवा वितरण और रक्तदान शिविर की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की और आंखों से संबंधित समस्याओं की मुफ्त जांच की। जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। ग्रामीण इलाकों से पहुंचे लोगों ने इस पहल का लाभ उठाते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान 74 दिव्यांगजनों को निशुल्क व्हीलचेयर भी वितरित की गई। व्हीलचेयर मिलने से लाभार्थियों को दैनिक जीवन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
सुबोध राकेश लंबे समय से ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से जुड़े हुए हैं। क्षेत्र में लगातार उनकी सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने सुबोध राकेश को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।



