रिपोर्टर: ललित जोशी
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने सरोवर नगरी नैनीताल समेत पूरे कुमाऊं क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नैनीताल में घने कोहरे की चादर छाई हुई है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। हालात ऐसे हैं कि आमने-सामने खड़ा व्यक्ति भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा। मौसम की खराब स्थिति के कारण शहर की रौनक भी फीकी पड़ गई है और प्रसिद्ध माल रोड पर आम दिनों की तुलना में सन्नाटा पसरा हुआ है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच 8 जुलाई से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। लगातार बारिश और घने कोहरे के चलते स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों को दिन के समय भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है, क्योंकि कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है।
बारिश के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 10 जुलाई, शुक्रवार को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
लगातार बारिश के कारण जिले में दो राज्य मार्ग, दो प्रमुख जिला मार्ग और आधा दर्जन ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। संबंधित विभागों की टीमें मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों से पत्थर गिरने की घटनाओं की भी सूचना मिल रही है, जिससे यात्रा करना जोखिम भरा हो गया है।
बारिश का असर नैनीताल झील पर भी साफ दिखाई दे रहा है। झील का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जबकि ठंड में भी अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खराब मौसम और लगातार वर्षा के चलते दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है और प्रशासन लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सतर्क रहने की अपील कर रहा है।



