रिपोर्टर: सुभाष चंद
उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन, समर्पण: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर के खटीमा में एक व्यापक स्वास्थ्य एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना, स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिल सके। इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर भी लगाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक सलाह और उपचार संबंधी जानकारी दी।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने जन शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। वहीं, जिन समस्याओं का तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी देवेश सासनी, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, तहसीलदार वीरेंद्र सजवान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल, डॉ. बी. पी. सिंह, बिजली विभाग के एसडीओ आलोक सचान, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद मजबूत हो रहा है, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
यह जनकल्याण शिविर शासन की सुशासन और जनसेवा की प्रतिबद्धता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



