रुड़की: लगातार हो रही बारिश के बीच रुड़की से नगर निगम की लापरवाही का एक चिंताजनक मामला सामने आया है। शहर के अंबर तालाब क्षेत्र में जलभराव के कारण सड़क और नाले का अंतर पूरी तरह खत्म हो गया। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार एक युवक अनजाने में खुले नाले में जा गिरा। राहत की बात यह रही कि युवक समय रहते खुद को संभालने में सफल रहा और उसकी जान बच गई, लेकिन उसकी बाइक नाले में फंस गई।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से बुलेट बाइक को नाले से बाहर निकाला गया। इस पूरी घटना का वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान खुले नाले सबसे बड़ा खतरा बन जाते हैं। जलभराव होने से यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और नाला कहां। लोगों ने नगर निगम से खुले नालों को सुरक्षित करने और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर शहर में खुले नालों और खराब जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में इससे भी बड़े हादसे हो सकते हैं।
फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।



