चम्पावत: उत्तराखंड में जारी रेड अलर्ट के बीच चम्पावत जिला प्रशासन ने एक बार फिर अपनी तत्परता का परिचय दिया। टनकपुर क्षेत्र में खाई में गिरी एक कार में फंसे चार लोगों को पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन से एक बड़ा हादसा टल गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों और जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जनपद का आपदा प्रबंधन तंत्र लगातार अलर्ट मोड पर कार्य कर रहा है। जिला आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे निगरानी रखते हुए किसी भी आपात सूचना पर संबंधित विभागों को तत्काल सक्रिय कर रहा है।
देर रात मिली हादसे की सूचना
जानकारी के अनुसार, बीती रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि कोतवाली टनकपुर क्षेत्र के छोटी पुलिया (बस्तिया के समीप) एक कार (वाहन संख्या DL12 DA 1423) अनियंत्रित होकर लगभग 5 से 10 फीट गहरी खाई में गिर गई है। कार में चार लोग सवार थे।
सूचना मिलते ही जिला आपदा कंट्रोल रूम ने बिना किसी देरी के कोतवाली टनकपुर पुलिस, फायर स्टेशन टनकपुर, एसडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस सेवा को घटनास्थल के लिए रवाना किया।
संयुक्त टीम ने चलाया सफल रेस्क्यू अभियान
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम ने समन्वय के साथ तेजी से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने कार में फंसे सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें तत्काल आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।
अधिकारियों के अनुसार, राहत एवं बचाव अभियान के दौरान सभी विभागों ने बेहतर तालमेल के साथ कार्य किया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
रेड अलर्ट के बीच पूरी तरह सक्रिय है प्रशासन
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि रेड अलर्ट को देखते हुए जिले का पूरा आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सतर्क है। जिला आपदा कंट्रोल रूम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों द्वारा तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



