रुड़की: हरिद्वार-रुड़की हाईवे पर मंगलौर क्षेत्र के नगला इमरती के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चलती कार में अचानक आग लगने से कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। घटना के दौरान हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और बाहर निकल गया। इसके कुछ ही सेकंड बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, यह कार हाल ही में खरीदी गई थी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।
इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। समय रहते चालक के सुरक्षित बाहर निकल आने से बड़ा हादसा टल गया।



