देहरादून/हरिद्वार: वर्ष 2036 में भारत को ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ 10 अगस्त को आयोजित होने वाली ‘2036 ओलंपिक संकल्प कांवड़ यात्रा’ से पहले उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने हरिद्वार में संत समाज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उन्होंने श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के राष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज से मुलाकात कर यात्रा की सफलता और भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक की मेजबानी मिलने की कामना की।
10 अगस्त को हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर तक निकाली जाने वाली इस कांवड़ यात्रा के माध्यम से देशभर में जनजागरण का संदेश दिया जाएगा।
रेखा आर्या ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के उस संकल्प का प्रतीक है, जिसमें भारत वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी करे। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से उठने वाला यह संकल्प देश के युवाओं और खिलाड़ियों के सपनों को नई दिशा देगा।
संत समाज ने भी भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी मिलने की कामना करते हुए रेखा आर्या को “विजयी भव, संकल्प सिद्धिरस्तु” का आशीर्वाद दिया।



