संवाददाता: अरशद हुसैन
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज होती जा रही हैं। राजनीतिक दल लगातार संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा रुड़की पहुंचे, जहां उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। यह कार्यक्रम कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी के कार्यालय में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रणबीर नागर, पूर्व ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आशीष सैनी सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की।
मीडिया से बातचीत में आलोक शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में जनसंपर्क अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं, ताकि चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा सके।
इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। उनका आरोप था कि धामी सरकार भ्रष्टाचार और जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठा रही है।
राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का जिक्र करते हुए आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार ने उनके कार्यक्रम को प्रभावित करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखेगी और 2027 के चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।



