रिपोर्ट: सुभाष चंद
खटीमा: तराई विकास संघ (टीवीएस) के लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल बोरा का खटीमा में भव्य स्वागत किया गया। उनके स्वागत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर जश्न मनाया, आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटी। इस अवसर पर मुख्य चौक से शहीद स्मारक तक विजय जुलूस भी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
खटीमा पहुंचते ही गोपाल बोरा का मुख्य चौक पर माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ विजय जुलूस निकाला। शहीद स्मारक पहुंचकर उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और अपनी जीत को राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को समर्पित बताया।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष दान सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी पंचायत से लेकर सहकारिता क्षेत्र तक लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। उन्होंने गोपाल बोरा का लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपाल बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने भी गोपाल बोरा को बधाई देते हुए कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में भाजपा की यह सफलता मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व, संगठन की मजबूत कार्यशैली और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।
कार्यक्रम में भाजपा के नगर एवं ग्रामीण मंडल के पदाधिकारी, वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।



