रुड़की: शहर को “स्वच्छ और सुंदर” बनाने की दिशा में एक अहम पहल के तहत रुड़की तहसील परिसर में सौंदर्यकरण कार्यों का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह में नवनिर्मित और आकर्षक रूप में सजे तहसील परिसर को आम जनता को समर्पित किया गया। साथ ही, परिसर में स्थापित कंप्यूटर सेंटर के पहले बैच का भी उद्घाटन किया गया। इस दौरान मंत्री और डीएम ने छात्राओं को बैग वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
तहसील परिसर में किए गए प्रमुख कार्यों में मुख्य द्वार का नवनिर्माण, दीवारों पर आकर्षक कलाकृतियां, और अतिक्रमण हटाने जैसे कदम शामिल हैं। इन प्रयासों से पूरे परिसर की तस्वीर बदल गई है और अब यह पहले से अधिक व्यवस्थित व आकर्षक नजर आ रहा है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि “स्वच्छ रुड़की, सुंदर रुड़की” का सपना अब धीरे-धीरे साकार हो रहा है। वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इसे मुख्यमंत्री के विजन को आगे बढ़ाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


