“जसपुर में होली का जश्न: होलिका दहन के साथ लोगों ने गले मिलकर दी बधाई”

0
19

जसपुर में होली का जश्न: जसपुर (उधम सिंह नगर):
देशभर में रंगों का पावन त्योहार होली बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में देवभूमि उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर की जसपुर विधानसभा क्षेत्र से भी होली के उत्सव की खास तस्वीर सामने आई है, जहां ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों ने पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ होली का पर्व मनाया।

गांवों में सुबह हुआ होलिका दहन

जसपुर में होली का जश्न: जसपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव कल्याणपुर, मेघावाला और बढ़ियोवाला सहित कई ग्रामों में सुबह के समय विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने होलिका की अग्नि में गन्ने सेककर परंपरा निभाई और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर रंगोत्सव की खुशियां साझा कीं।

मोहल्ला गांगूवाला ब्लॉक कॉलोनी में दिखी होली की धूम

वहीं जसपुर नगर में भी होली का त्योहार उत्साह और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। नगर के कलियावाला रोड स्थित मोहल्ला गांगूवाला ब्लॉक कॉलोनी, वार्ड नंबर 14 में भी जबरदस्त होली की धूम देखने को मिली।

सुबह के समय होलियारों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पुराने गिले-शिकवे भुलाए और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद दोपहर में स्थानीय पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में कॉलोनी के सभी लोग होलिका स्थल पर पहुंचे।

विधि-विधान के साथ हुआ होलिका दहन

होलियारों ने अपने-अपने गन्ने लेकर होलिका की परिक्रमा की और मंत्रोच्चारण के साथ पूरे विधि-विधान से होलिका दहन किया। इस तरह बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक माना जाने वाला यह पावन पर्व होली शांतिपूर्ण और कुशलतापूर्वक संपन्न हुआ।

भक्त प्रहलाद और होलिका की कथा से जुड़ी है होली

इस मौके पर होलियारों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि होली का पर्व हिरण्यकश्यप, भक्त प्रहलाद और होलिका की कथा से जुड़ा हुआ है। पौराणिक मान्यता के अनुसार, हिरण्यकश्यप का पुत्र प्रहलाद भगवान विष्णु का भक्त था, जिसे राजा स्वीकार नहीं करता था। प्रहलाद को मारने के लिए हिरण्यकश्यप ने अपनी बहन होलिका को बुलाया, जो अग्नि से सुरक्षित रहने का वरदान रखती थी।

होलिका प्रहलाद को गोद में लेकर अग्नि में बैठ गई, लेकिन भगवान की कृपा से प्रहलाद सुरक्षित बच गए और होलिका जलकर भस्म हो गई। तभी से इस घटना की याद में हर वर्ष होलिका दहन और होली का पर्व मनाया जाता है।

रिपोर्टर:- प्रदीप श्रीवास्तव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here